Tuesday 12 January 2016

महागठबंधन बिग बाॅस का है घर: नरेंद्र मोदी


अशोक प्रियदर्शी
        नवादा 8 अक्तूबर/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महागठबंधन नही यह स्वार्थबंधन है। बिहार के विकास के लिए कभी इकटठा नही हुए लेकिन जिनलोगों ने साठ साल तक बिहार में शासन किया वह कुर्सी पाने के लिए एकत्रित हुए हैं। नरेंद्र मोदी गुरूवार को नवादा के आइटीआई मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। महागठबंधन बिग बाॅस का घर जैसा है। एक दूसरे की टांग की खिचाईं करते हैं। लेकिन स्वार्थ में इकटठा हुए हैं। नमो ने कहा कि बिहार में 35 साल कांगेस, 15 साल लालू प्रसाद और 10 साल नीतीश कुमार ने शासन किया। लेकिन पिछले 60 सालों में बिहार का विकास नही हो पाया। अब बिहार की जनता बर्दाश्त नही करेगी। साठ साल में क्या किया इसका हिसाब देना चाहिए।

बिहार की जवानी और पानी में बड़ी ताकत
नमो ने कहा कि बिहार की जवानी और पानी बड़ी ताकत है। लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नही दिया। पानी का विपुल धार बहकर बर्बाद हो जाता है। दूसरी तरफ बिहार की बड़ी आबादी युवा है। लेकिन यहां की जवानी मां बाप को छोड़कर परदेस चला जाता है। नमो ने कहा कि पानी और जवानी को बिहार के लिए काम लाया जाय तोे बिहार का कोई मुकाबला नही कर सकता। बिहार के विकास में चार चांद लग सकता है।

जैसे देश का मान बढ़ाया वैसा बिहार का मान बढ़ाएं
     नमो ने कहा कि जिस तरह लोकसभा चुनाव मंे एनडीए को दो तिहाई बहुमत देकर देश का मान बढ़ाया है। ठीक उसी तरह बिहार में दो तिहाई बहुमत देकर बिहार का मान देश और दुनिया मंे बढ़ाएं। यह मेरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि मजबूत सरकार के कारण चीन, जापान, अमेरिका, भूटान, रूस जैसे देशों में भारत की वाहवाही और जय जयकार हो रही है। बिहार में एनडीए की सरकार बनती है तो बिहार के लोगों को दिल्ली नही जाना पड़ेगा। दिल्ली के लोगों को ही पटना आना पड़ेगा। लोकसभा चुनाव में ब्याज समेत लौटाने का वादा किया था। एक लाख 65 हजार करोड़ रूपए का पैकेज दिया।

जंगलराज बनाम विकासराज की लड़ाई
नमो ने कहा कि यह लड़ाई जंगलराज बनाम विकास राज की लड़ाई है। तीन पीढ़ी बर्बाद हो चुकी है। अब बिहार नही झेल सकता। बिहार को बढ़ाना है। बिहार को बढ़ाए बिना देश का विकास संभव नही है। लोगों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली जैसी जरूरते पूरी होनी चाहिए। बिहार का विकास नही हो पाया। तीन पीढ़ियां बर्बाद हो गई। बिहार को ऐसा किसने किया उसे इवीएम के जरिए सजा देने का वक्त है।
     उन्होंने कहा कि लालूजी अनाप शनाप बोल रहे हैं। लेकिन जनता को बताएं कि क्या कारण रहा कि चुनाव से बाहर हैं। बिहार की जनता को बताएं कि जनता की सेवा करने का अवसर क्यों नही मिल रहा है। लालू प्रसाद 1990 की बात करना चाहते हैं। यह 1990 का दौर नही है। यह नौजवानों के सपना संजोने का वक्त है।

यदुवंशियों का अपमान -शैतान को इनका पता ही क्यों मिला।
नमो ने कहा कि मेरा जन्म वहां हुआ जहां द्वारिकाधीश आकर बसे थे। यदुवंशियों का श्वेतक्रांति में अहम योगदान रहा है। लेकिन लालू प्रसाद अपने बयानों सेयदुवंशियों का अपमान किया है। लालू कहते हैं कि उनके अंदर शैतान प्रवेश कर गया था। दुनिया में अरबों खरब लोग हैं। लेकिन इस शैतान को यही ठिकाना क्यों मिला। नमो ने लोगों से सवाल करते हुए कहा कि जिनके शरीर में शैतान प्रवेश कर गया उनके हाथ में बिहार दिया जा सकता है क्या! शैतान को इनका पता ही क्यों मिला। 

दादरी पर खोली जुबान
नमो ने अप्रत्यक्ष रूप से दादरी मुददे पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राजनेताओं के बयानबाजी पर ध्यान ना दें। यहां तक नरेंद्र मोदी की बातों पर भी ध्यान ना दें। लेकिन देश के सर्वोच्च पद पर बैठे राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी जी ने जो संदेश दिया है उससे बड़ा मार्गदर्शन कुछ नही हो सकता है। सवा सौ करोड़ देशवासियों के लिए उससे बड़ी कोई प्रेरणा नही हो सकती। राष्ट्रपति महोदय ने जो रास्ता दिखाया है उसपर हमसबों को चलना होगा। देशवासियों से यही कहुंगा कि राजनीति का स्वार्थसिद्धि के लिए दिए गए बयानों पर भरोसा ना करें।

No comments:

Post a Comment