Tuesday 11 October 2016

शराबियों को हो गया है भगवान से प्यार, जपने लगे हैं राधे राधे

अशोक प्रियदर्शी
राधे..राधेराधे...श्याम, राम...राम, इंद्र भगवान और रामचंद जैसे शब्द साधु संतों की जुबान से सुनने को मिलती रही है। लेकिन बिहार में अब शराबी भीराधे..राधेराधे...श्याम, राम...राम जैसे शब्दों की जाप करने लगे हैं। इसका मतलब यह कदापि नही कि शराबियों का हृदय परिवर्तन हो गया है। बल्कि शराबियों ने अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए शराब के विभिन्न ब्रांडों का नाम का भगवानीकरण कर दिया है। इन शब्दों का प्रयोग बड़े ही सहजता से कर रहे हैं।
बिहार के नवादा में शराबियों, दलालों और उसे पहुंचानेवालों के बीच कुछ इसी तरह के शब्दों का प्रयोग कर शराब की तस्करी चल रही है। दरअसल, इसकी जानकारी तब मिली जब कई शराबियों की जुबान से जब भगवान का नाम सुनने को मिला। उत्सुकता जगी कि क्या शराबी भक्ति मार्ग पर चल दिए हैं। इस बारे में जब जानकारी जुटाई तब पता चला कि इन शब्दों का प्रयोग शराबियों और कारोबारियों के बीच शराब के कारोबार के लिए उपयोग किया जा रहा है।

कौन कौन ब्रांड का कैसे हो रहा प्रयोग
आमतौर पर बात की शुरूआत राधे राधे से सुनने को मिलती है। उसके बाद शराब के ब्रांडों के लिए अलग अलग तरीके से नाम लिया जाता है। जानकारी के मुताबिक, राधेश्याम का मतलब राॅयल स्टेज, राम चंद्र यानि राॅयल चैलंेज, इंद्र भगवान यानि इंपेरियल ब्लू, राम यानि रम के नाम से बात की जाती है। यही नहीं, बिहार पुलिस का नाम भी शराब के ब्रांड के तौर पर लिया जा रहा है। बिहार पुलिस यानि ब्लेंडर प्राइड। 

कैसे चल रहा कारोबार
शराबबंदी के बाद अवैध तरीके से यह कारोबार तेजी से पनप रहा है। सूत्रों के मुताबिक, झारखंड से आनेवाले शराबों या फिर बाजार में उपलब्ध शराबों का नाम लेने पर दिक्कते नही हो। इसलिए इस तरह का नाम दिया गया है। शराबों की बिक्री दोगुणा और ढाईगुणा दामों पर की जा रही है। घर पर डिलीवरी करने के लिए प्रति बोतल 50 से 100 रूपए अधिक भुगतान करना पड़ता है। बाजार में फिलहाल राॅयल स्टेज, इम्पेरियल ब्लू, राॅयल चैलेंज, ब्लेंडर प्राइड, मैकडाॅयल नम्बर वन, बैग पाइपर की बिक्री हो रही है। रम की बिक्री कम बतायी जा रही है। इसकी मांग जाड़े में अधिक रहती है। 

बातचीत का संक्षिप्त अंश
शराबी- राधे राधे, क्या हाल है आपके राधे श्याम (राॅयल स्टेज) जी का। मिलना था।
कारोबारी- ठीक ठाक हैं। समय बताइए, कब मिलना है, कहां मिलना है।
शराबी- पांच बजे शाम में। घर पर ही रहेंगे।
कारोबारी- ठीक हैं भेज देंगे। 

इमपेरियल ब्लू का अंश
शराबी-क्या हाल है।कैसा मौसम है। इंद्र भगवान बरस रहे हैं। 
कारोबारी-यहां इंद्र भगवान की पूरी कृपा है। जलमग्न है। आप कहें तो आपको भी इंद्र भगवान से दर्शन करा दें।
शराबी- इस सुखाड़ में इंद्र भगवान का दर्शन हो जाता तब बढिया था। 
कारोबारी- चलिए ठीक है। आप भी इंद्र भगवान का मजा लीजिए। भेजते हैं उनको।

बिहार पुलिस
शराबी- इंसपेक्टर साहब प्रणाम। कहां है आपका बिहार पुलिस। इधर भेट नही कर रहा है। काम है।
कारोबारी (इंसपेक्टर के रूप में)- ठीक है। भेज देते हैं। मन भर मिल लीजिए।
शराबी-ठीक है उसका इंतजार करेंगे।

रामचंद्र यानि राॅयल स्टेज
शराबी- क्या हाल है आपके मंदिर का।
कारोबारी -रामचंद्र जी के रहते कोई दिक्कत नही हैं। रामजी के अलावा इंद्र भगवान, राधे श्याम भी हैं। 
शराबी- कितने भाग्यवान हैं आप। मुझे भी किसी भगवान से दीदार करा दीजिए।
कारोबारी- आइएगा। या फिर रथ (जीप) जा रही है। वहीं दर्शन कर लीजिएगा।

No comments:

Post a Comment